यमुनानगर। शहर की शास्त्री कॉलोनी में रंजिश के चलते चार युवकों ने आजाद नगर कॉलोनी निवासी नितिन पर तलवार व चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने चार आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
आजाद नगर निवासी नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ दिन पहले कृष्णा व सोनी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य दोस्तों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। मगर इसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। नितिन ने बताया कि 26 दिसंबर को शाम साढ़े छह बजे वह शास्त्री कॉलोनी में किसी काम से गया था। रास्ते में कृष्णा व सोनी ने अपने दोस्तों मोनू पंडित व शुभम के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे पर तलवार व चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।