पानीपत। सेक्टर 12 स्थित एसडीवीएम विद्या मंदिर में मंगलवार को अंतरसदनीय एकल गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छठी से बारहवीं तक के अग्रसेन, गंधर्व, गीता, रमन, सरस्वती और नेहरू सदन के 12 विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों ने ‘नमो नमो शंकरा, घर मोरे परदेसिया’, ’मेरे ढोलना, मधुबन में राधिका’ आदि गीतों पर सुंदर प्रस्तुति देकर समां बांध दिया और अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया। इस प्रतियोगिता में ओवर आल रमन सदन प्रथम रहा।
प्रतियोगिता में छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों में रिदम ने प्रथम, हाम्या ने द्वितीय और आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों में काशविन ने प्रथम स्थान, इशप्रीत ने द्वितीय और जपनूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अनु गुप्ता ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में गायन कला बहुत मायने रखती है। गीत-संगीत से बच्चों को जोड़ने से उनकी रचनात्मकता बढ़ती है। जिसके बिना बच्चों का संपूर्ण विकास अधूरा है।