पानीपत। गोहाना रोड पर स्थित डीयूके सेक्शन (किलोमीटर 86/27-87/1) पर पिछले तीन साल से अधर में लटके रेलवे अंडर ब्रिज/लिमिटेड हाइट सब-वे (आरयूबी/एलएचएस) निर्माण प्रोजेक्ट को आखिरकार नॉर्दर्न रेलवे हेडक्वार्टर से झंडी मिल गई है। रेलवे हेडक्वार्टर से मंजूरी मिलने के बाद अब ट्रैक के नीचे आरसीसी बॉक्स को पुश करने का रास्ता साफ हो गया है। पानीपत रेलवे ऑफिस ने 24 सितंबर को आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि आगामी तीन महीनों के भीतर आरसीसी बॉक्स पुशिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।
रेलवे प्रोजेक्ट में थ्रस्ट बेड और आरसीसी बॉक्स का निर्माण कार्य काफी समय पहले ही पूरा हो चुका है। रेलवे के स्तर पर आगे की प्रक्रिया में लगातार देरी की जा रही थी। इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने में पानीपत सीए ब्रांच के पूर्व चेयरमैन एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्य सीए जगदीश धमीजा के निरंतर फॉलो-अप और शिकायतों की अहम भूमिका रही।
तीन शिकायतों के बाद हरकत में आया रेलवे प्रशासन
सीए जगदीश धमीजा ने बताया कि प्रोजेक्ट में हो रही देरी को लेकर दो जून को दर्ज कराई गई पहली शिकायत पर रेलवे ने मानसून के बाद काम शुरू करने का आश्वासन दिया था। मानसून खत्म होने के बाद भी जब काम शुरू नहीं हुआ तो नौ सितंबर को दोबारा शिकायत दर्ज की गई। इस पर रेलवे ने हेडक्वार्टर की परमिशन पेंडिंग होने का हवाला दिया। इसके बाद 18 सितंबर को तीसरी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इसमें तीन महीने बाद भी मंजूरी नहीं मिलने का कारण जाना। रेलवे हेडक्वार्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरसीसी बॉक्स पुशिंग की आवश्यक परमिशन जारी कर दी।
अप्रोच रोड और शेड का काम भी होगा शुरू
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बॉक्स पुशिंग के बाद अप्रोच रोड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और कवर शेड का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। गोहाना रोड पर रेलवे के इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से कृष्णपुरा, खटीक बस्ती और आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के हजारों निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। ब्यूरो