थर्मल। पानीपत रिफाइनरी के यार्ड में रेल लाइन पर काम करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे के एक कर्मचारी की मौत हो गई। मामले की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और परिजनों को मामले की सूचना दी। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार नांगला-आर गांव निवासी कृष्ण (35) रेलवे में डी-ग्रुप में कार्यरत था। वह सोमवार सुबह घर से ड्यूटी पर गया था। वह रिफाइनरी यार्ड में रेल लाइन पर काम कर रहा था। इसी समय एक मालगाड़ी आ गई। वह सभी लोगों के साथ एक तरफ जाने लगा। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। दस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि उनको सूचना मिली थी कि रिफाइनरी यार्ड में रेलवे के एक कर्मचारी की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई है। परिजन ने मौके पर पहुंच शव की शिनाख्त की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया। मृतक के चचेरे भाई सुशील ने बताया कि कृष्ण शादीशुदा था और उसके पास दो बच्चे हैं। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। जीआरपी ने परिजनों के ब्यान के आधार पर कार्रवाई की है।