मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम ने खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर सोमवार को एक बार फिर से मिठाई बनाने वाली फैक्टरी पर रेड की हैं। यहां से भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल मिला। जिसमें से टीम ने अलग अलग मिठाइयों के 16 सैंपल लिए गए हैं। इनको जांच के लिए लैबोरेट्री भी भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में अगर मिठाई के सैंपल फेल होते हैं तो फर्म पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम ने मिठाई फैक्टरी संचालक से फर्म के दस्तावेज भी मांगे। जिस पर फैक्टरी संचालक की ओर से जीएसटी नंबर ओर लाइसेंस नंबर उपलब्ध करवा दिया गया।
सीएम फ्लाइंग करनाल टीम के एसआई राज सिंह ने बताया कि कुटानी रोड स्थित दलबीर नगर के वर्मा चौके के पास अवैध तरीके से बालाजी मिष्ठान भंडार के नाम से एक मिठाइयों की फैक्टरी चलाए जाने की जानकारी मिली थी। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग से सुरक्षा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी को साथ लिया और सुनयोजित तरीके से रेड की। इस दौरान मौके से काफी मात्रा में तैयार और कच्चा माल बरामद हुआ। वहीं, संचालक की पहचान वार्ड नंबर 23, राजाखेड़ा, राजस्थान निवासी पप्पू के तौर पर हुई। टीम ने पप्पू से फर्म का जीएसटी नंबर लिया जो अगस्त 2026 तक वैध था। टीम ने बताया कि मिठाई संचालक को हिदायत दी गई कि जब तक रिपोर्ट नहीं आती तक मिठाई नहीं बेच सकेगा।
1. रसगुल्ला -2220 किलोग्राम - चार सैंपल
2. ढोढा बर्फी-2400 किलोग्राम - चार सैंपल
3. अरारोट -16.50 किलोग्राम - चार सैंपल
4. पनीर -13.50 किलोग्राम - चार सैंपल
त्योहारी सीजन पर अक्सर खराब किस्म की मिठाइयां बनाई जाती हैं। जिसे लेकर सीएम फ्लाइंग सतर्क है। ऐसी ही सूचना पर रेड की गई थी। मौके से सभी मिठाइयों के सैंपल भरे गए हैं। जिनको जांच के लिए करनाल लैब भेज दिया गया है।
राज सिंह, एसआई, सीएम फ्लाइंग करनाल।