पानीपत। सौदापुर गांव के राहुल सैनी का शूटिंग खेल में प्रदर्शन में न केवल बेहतर है बल्कि अपने प्रदर्शन से प्रदेश नाम भी रोशन कर रहे हैं। अपनी प्रतिभा दिखाते हुए राहुल तीन बार खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं और वहां स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। इनके अलावा राहुल छह बार राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में भी भाग ले चुके हैं और वहां भी पदक हासिल कर चुके हैं।
राहुल सैनी ने प्रदेश स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। यह प्रतियोगिता सोनीपत में 12 फरवरी को आयोजित की गई थी। राहुल की इन सभी उपलब्धियों से उनकी मेहनत और शूटिंग के प्रति जुनून का पता लगता है। हासिल की गई इन सफलताओं के पीछे उनका माता-पिता का सहयोग और कोच का सही मार्गदर्शन भी रहा है।
राहुल ने अपनी प्रारंभिक शूटिंग प्रशिक्षण जिले की अर्जुन शूटिंग एकेडमी में कोच बलराज धीमान के मार्गदर्शन में लिया। यहीं से उनकी प्रतिभा निखरनी शुरू हुई। शूटिंग का सफर उन्होंने यहीं से शुरू किया और आज वह दिल्ली स्थित साई एकेडमी दिल्ली में प्रशिक्षण ले रहे हैं जहां वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे हैं।
राहुल ने फिलहाल बीए की पढ़ाई पूरी की है। राहुल की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उनके पिता विरेंद्र सैनी और मां राजबाला उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं। राहुल ने बताया कि शूटिंग को गंभीरता से अपनाने का निर्णय उनकी मां की प्रेरणा से हुआ। नियमित अभ्यास और कोच के मार्गदर्शन से अपनी तकनीक को बेहतर बनाया। आगे उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतना है। उनका कहना है कि एक खिलाड़ी को आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। कभी-कभी मेहनत के बावजूद भी हार का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतने पर है।