पानीपत। जिला पानीपत बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 13वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार को शानदार आगाज किया गया। राघव,आशीष, लवीश और नाडर अपने-अपने मैच जीतकर तीसरे दौर में पहुंच गए।
पानीपत क्लब में तीन दिवसीय प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यातिथि समाजसेवी विजय जैन रहे। प्रतियोगिता में करीब पांच सौ खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मुख्यातिथि विजय जैन ने कहा कि खेलों में भविष्य है। युवा बेहतर खेल का प्रदर्शन कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका चुके हैं। युवाओं को ऐसे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर खुद को आगे बढ़ाना चाहिए। खिलाड़ियों को आज पहले की अपेक्षा बेहतर खेल सुविधाएं मिल रही हैं। इससे खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को अनुशासन और टीम के साथ काम करना सिखाता है। खेलों में मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि खेलने की कोई उम्र नहीं होती। बच्चों के साथ बड़ों को भी खेल में आगे आना चाहिए। इससे पहले मुख्यातिथि विजय जैन का एसोसिएशन के प्रधान जुगल डावर और महासचिव दिनेश संदुजा ने स्वागत किया। उन्होंने रिबन काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों के साथ परिचय लिया। इस अवसर पर सतीश महाजन, ओपी रणोलिया, मुकेश तलवार, अभिषेक वत्स, नितिन अरोड़ा, विपिन शर्मा व मुकेश मदान मौजूद रहे।
पहले दिन के ये रहे परिणाम
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-13, 15 व अंडर 17 आयु वर्ग के मुकाबले खेले गए। अंडर 11 में राघव सक्सेना ने आरित को 15-6 15-1 से हराकर तीसरे राउंड में प्रवेश किया। अंडर 15 में आशीष ने काव्या मक्कड़ को हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई। 17 वर्ष आयु वर्ग में लवीश ने अर्पित को हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई। महिला अंडर 15 में नाडर कौर ने वन्या को हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई।