पानीपत। सेक्टर 11-12 पुलिस चौकी ने एक व्यापारी से हवाला के 10 लाख रुपये पकड़े हैं। पुलिस ने यह राशि इनकम टैक्स विभाग को सौंप दी है। विभाग ने इस बारे में जांच शुरू कर दी है।
वीरवार देरशाम को सेक्टर-11-12 पुलिस चौकी प्रभारी किरण कुल्फी चौक पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थीं। इस दौरान पुलिस ने आई-टेन कार को रुकने का इशारा किया। जांच करने पर कार की पिछली सीट पर रखे एक बैग से 10 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।
पूछताछ करने पर व्यापारी ने अपना परिचय हैंडलूम व्यापारी अशोक मित्तल के रूप में दिया। उसने बताया कि पानीपत के ही एसडी कॉलेज रोड पर उसकी दुकान है। दस लाख रुपये के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने इसे हवाला कारोबार का रुपये मानते हुए इनकम टैक्स विभाग को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बरामद की गई राशि में पांच सौ रुपये की 16 गड्डी और एक हजार रुपये की दो गड्डी के रूप में है।
लोकसभा चुनाव के नजदीक आने के बाद इस तरह का यह तीसरा मामला है। इससे पहले बस स्टैंड चौकी क्षेत्र में पुलिस ने जगाधरी के एक व्यापारी से 25 लाख का सोना बरामद किया था। पूछताछ के दौरान कारोबारी ने अपने आपको जगाधरी का ज्वेलर बताया था, परंतु पुलिस ने संतुष्ट नहीं होने पर सोना जब्त कर लिया था। इससे पहले एक अन्य मामले में पुलिस ने चांदनी बाग थाने के अंतर्गत 20 लाख रुपये की नकदी जब्त की थी। पुलिस ने यह राशि जयपुर निवासी से पकड़ी थी।