चुलकाना धाम में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालु। संवाद
समालखा। श्री श्याम बाबा मंदिर चुलकाना धाम में श्याम बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के तीसरे दिन रविवार को काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बाबा श्याम के दर्शनों के लिए सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । सुबह होते ही मंदिर के कपाट खुलने के साथ श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा श्याम के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगी।
मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी और आनंद लिया। ग्राम पंचायत सरपंच सतीश छौक्कर ने बताया कि जन्मोत्सव और मेले को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। राकेश शर्मा ने बताया कि वे हर साल श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर परिवार सहित चुलकाना धाम आते हैं। रविवार तड़के ही वे दर्शन के लिए पहुंच गए थे और मंदिर में की गई व्यवस्थाओं से काफी संतुष्ट हैं। सुनीता देवी ने कहा कि चुलकाना धाम से उनकी गहरी आस्था जुड़ी हुई है। जन्मोत्सव के तीसरे दिन बाबा के दर्शन कर मन को शांति मिली और मेले के आयोजन से पूरे परिवार में खासा उत्साह देखने को मिला। संवाद