पानीपत। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की यूथ एंड रेडक्रॉस इकाई की ओर से पांच दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ एवं रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश के वृंदावन में करवाया गया। शिविर में आर्य पीजी कॉलेज के 10 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी व पदक अपने नाम किए। कॉलेज उप प्राचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने विजेता प्रतिभागियों का बुधवार को कॉलेज पहुंचने पर स्वागत किया। कॉलेज की वाईआरसी इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह व उनकी पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने बताया कि वृंदावन में 26 से 30 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में कॉलेज की मनोविज्ञान की प्राध्यापिका खुशबू वर्मा के सानिध्य में पांच दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करवाई गई। इसमें आर्य कॉलेज के जनसंचार विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र पुनीत किराड़िया ने भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय तथा बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा काजल ने गायन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। वाईआरसी इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस के शिविर विद्यार्थियों में मानवता, सेवा और सामुदायिक भावना के विकास का माध्यम हैं।