हरियाणा के पानीपत में साइको किलिंग से जुड़े मामले में एक के बाद एक सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। साइको किलर पूनम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे खुद नहीं पता कि सुंदर बच्ची देखकर उसे गुस्सा क्यों आता है। शादी से पहले ऐसा नहीं था। उसकी शादी 2019 में हुई थी। एक साल बाद बेटा (शुभम) पैदा हुआ। वह किसी भी बच्ची को देखकर उसकी तुलना अपने बेटे से करती थी। कोई बच्ची बेटे से ज्यादा सुंदर दिखती तो गुस्सा आता। जनवरी 2023 में ननद पिंकी की बेटी इशिका की हत्या के बाद उसने हत्या करने का सिलसिला सा शुरू कर दिया। इशिका को मारते हुए उसके पहले बेटे शुभम ने देख लिया था, तो पूनम ने उसकी भी जान ले ली। इसके बाद वह दूसरे बेटे से बच्चियों की सुंदरता की तुलना करने लगी।
पानीपत पुलिस ने बुधवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया जिसे सुंदर दिखने वाली बच्चियों से बेइंताह नफरत है। उसकी इस नफरत ने तीन मासूम बच्चियों और खुद उसके बेटे की जान ले ली। तीनों बच्चियां उसकी भतीजी थीं। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि चारों को पानी में डुबोकर मारा। ऐसा इसलिए करती थी ताकि हत्या को लोग हादसा समझें। तीन साल पहले पहली बच्ची की हत्या करते वक्त तीन साल से बेटे ने देख लिया था। वह किसी को बता न दे, इसलिए उसकी भी जान ले ली।
इस वजह से पूनम पर गहराया शक
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला सोनीपत के भावड़ गांव के किसान नवीन की पत्नी पूनम (27) है। उसके साइको किलर होने और सभी हत्याओं का खुलासा पानीपत के नौल्था गांव में एक दिसंबर को छह साल की बच्ची विधि का शव पानी के टब में मिलने के मामले की जांच के दौरान हुआ।
विधि पूनम के जेठ संदीप की बेटी थी। विधि के दादा सेवानिवृत्त उप निरीक्षक पाल सिंह ने पोती की हत्या की आशंका जाहिर की। वजह यह थी कि टब एक फुट का ही थी। उनका कहना था कि इतने छोटे टब में छह साल की बच्ची डूबकर नहीं मर सकती।
सुंदर बच्चियों को देखकर आने लगा गुस्सा
पूनम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे खुद नहीं पता कि सुंदर बच्ची देखकर उसे गुस्सा क्यों आता है। शादी से पहले ऐसा नहीं था। उसकी शादी 2019 में हुई थी। एक साल बाद बेटा पैदा हुआ। वह किसी भी बच्ची को देखकर उसकी तुलना अपने बेटे से करती थी। कोई बच्ची बेटे से ज्यादा सुंदर दिखती तो गुस्सा आता। जनवरी 2023 में ननद पिंकी मायके में भावड़ आई हुई थी।
उसकी नौ साल की बेटी इशिका बहुत सुंदर थी। उसे देखकर चिढ़ होती थी। एक दिन घर में कोई और नहीं था। इशिका आंगन में खेल रही थी। उसे घर में ही एक गड्ढे में भरे पानी में डुबोकर मार दिया। पूनम ने बताया कि हत्या के दौरान ही उसका तीन साल का बेटा शुभम वहां आ गया। वह घटना का चश्मदीद था। राज खोल सकता था। इसी डर में उसे भी उसी गड्ढे में डुबो दिया। परिजन ने यही समझा कि बच्चे खेलते हुए गड्ढे में गिर गए होंगे।
मायके में किया तीसरा कत्ल
पूनम का मायका पानीपत के सिवाह गांव में है। उसने ससुराल में भतीजी और बेटे की हत्या के बाद मायके में चचेरे भाई दीपक की छह साल की बेटी जिया की जान ली। घटना 19 अगस्त 2025 की है। पूनम मायके आई हुई थी। यहां जिया घर में खेल रही थी। वह बहुत सुंदर थी। पूनम ने पुलिस को बताया कि जिया को देखते ही उसने ठान लिया था कि मौका मिलते ही उसे मार देगी। 19 अगस्त को उसे मौका मिल गया। उसने जिया को घर में ही पानी की हौद में डुबोकर मार दिया।
ये था मामला
सोनीपत के भावड़ गांव निवासी पाल सिंह ने बताया कि उनका परिवार सोनीपत के रामनगर में रहता है। उनके रिश्तेदार नौल्था गांव निवासी सतपाल के बेटे अमन की शादी थी। बीते सोमवार को उसकी बारात गई थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी ओमवती, बेटे संदीप, पुत्रवधू, पोती विधि और 10 माह के पौत्र के साथ शामिल होने के लिए आए थे।
सोमवार को करीब डेढ़ बजे बारात नौल्था गांव से रवाना हुई थी। वह और बेटा संदीप बारात में चले गए। कुछ ही देर बाद फोन पर सूचना मिली कि विधि गायब हो गई है और वह मिल नहीं रही। इसके बाद बच्ची की तलाश शुरू की गई।
करीब एक घंटे के बाद उनकी पत्नी ओमवती शादी वाले घर में पहली मंजिल पर स्टोर रूम के पास पहुंची। स्टोर रूम का कुंडा लगा हुआ था। उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे में अंदर रखे पानी के टब में विधि का सिर डूबा हुआ था और उसके पांव जमीन थे। तुरंत ही विधि को पानी से बाहर निकाला।