22 अगस्त से लापता था छाजपुर का 21 वर्षीय अरुण, पिता की शिकायत पर दोस्त के खिलाफ शून्य प्राथमिकी दर्ज कर उत्तराखंड पुलिस को भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। छाजपुर गांव के 21 वर्षीय युवक अरुण की उत्तराखंड में हत्या के मामले में परिजनों ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए सनौली थाना में रोष प्रदर्शन किया। परिजनों ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर वे पुलिस अधीक्षक से मिलकर गुहार लगाएंगे।
अरुण के पिता सुरेंद्र और मां मोनिका ने बताया कि उनका बेटा 22 अगस्त को घर से लापता हो गया था। परिवार ने करीब एक सप्ताह तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सनौली थाना में शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर अरुण के अपने दोस्त शिवम के साथ उत्तराखंड जाने की जानकारी जुटाई।
परिजनों के अनुसार, पुलिस ने शिवम से पूछताछ की तो उसने बताया कि अरुण देर रात उत्तराखंड में एक नहर में गिर गया था। इसके बाद पुलिस ने युवक के नहर में गिरने की आशंका को देखते हुए संबंधित थाने से संपर्क किया। अरुण के पिता की शिकायत पर उसके दोस्त के खिलाफ साजिश के तहत हत्या करने के आरोप में शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई और इसे उत्तराखंड के संबंधित थाने में भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से अब तक उचित कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में उन्होंने सनौली थाना में प्रदर्शन किया और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। सनौली थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में शून्य प्राथमिकी दर्ज कर उत्तराखंड के संबंधित थाने को भेज दी गई है। घटनास्थल उत्तराखंड में होने के कारण मामले की जांच वहीं की पुलिस करेगी।
33