संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी सुपर-100 योजना के तहत अतिरिक्त 100 सीटों के लिए रविवार को लेवल-2 चयन परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई।
परीक्षा कुरुक्षेत्र के बारना स्थित निर्धारित केंद्र पर संपन्न हुई, जहां पानीपत सहित प्रदेशभर से लेवल-1 परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।
गौरतलब है कि अतिरिक्त 100 सीटों के लिए 14 जुलाई को आयोजित लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 17 जुलाई को जारी किया गया था। इसमें सफल रहे विद्यार्थियों को आज लेवल-2 परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला। इसी परीक्षा के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने बजट घोषणा के अनुरूप इस वर्ष सुपर-100 योजना में 100 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई हैं।