अंबाला। छावनी के वार्ड नंबर 24 से 32 को चमकाने का कार्य प्राइवेट सफाई कर्मचारी करेंगे। नगर परिषद ने इन 9 वार्डों को साफ व स्वच्छ रखने के लिए प्राइवेट एजेंसी को कार्य सौंपने का फैसला किया है। यह कार्रवाई हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देश पर की गई है ताकि बाजार आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों को साफ व स्वच्छ माहौल उपलब्ध करवाया जा सके।
नगर परिषद की ओर से तैयार की गई योजना के तहत बाजार के इन 9 वार्डों को साफ करने का कार्य दिन में नहीं बल्कि रात में किया जाएगा ताकि सुबह पूरा क्षेत्र साफ-सुथरा नजर आए, वहीं कूड़ा निस्तारण के लिए भी एजेंसी अपने स्तर पर काम करेगी और अगर जरूरत पड़ी तो इस कार्य में डोर-टू-डोर कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
2.5 करोड़ की योजना
नगर परिषद की ओर से सदर क्षेत्र को चमकाने की योजना पर लगभग ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह ठेका तीन साल के लिए एजेंसी को दिया जाएगा, इसमें एजेंसी के 100 से अधिक कर्मचारी अपने संसाधनों के साथ अलग-अलग वार्ड में उतरेंगे, इसके लिए उन्हें अपने वाहन भी लगाने पड़ेंगे हालांकि इमरजेंसी की स्थिति में नगर परिषद के कर्मचारी भी इस कार्य में सहयोग करेंगे।
होगी समीक्षा
नगर परिषद की प्रस्तावित योजना के तहत एजेंसी को काम सौंपते ही समीक्षा का कार्य भी शुरू हो जाएगा। नगर परिषद की टीम इसकी निगरानी करेगी और वार्ड 24 से 32 तक होने वाली सफाई की रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को सौंपेगी कि पहले क्या हालात थे और अब प्राइवेट एजेंसी के पास काम आने से सदर क्षेत्र के हालात क्या हैं।
अन्य वार्डों में लगेंगे कर्मचारी
मौजूदा समय में नगर परिषद अंबाला सदर के अधीन कुल 32 वार्ड हैं। इन वार्डों में घरों से कूड़ा उठाने का काम डोर-टू-डोर कर्मचारी करते हैं, जबकि गली-मोहल्लों और चौराहों से गंदगी उठाने का काम नगर परिषद के सफाई कर्मचारी करते हैं। नगर परिषद ने प्रत्येक वार्ड में 10 के करीब सफाई कर्मचारियों को लगाया हुआ है। ऐसे में जब वार्ड नंबर 24 से 32 का ठेका प्राइवेट एजेंसी के पास चला जाएगा तो 90 के करीब कर्मचारी फ्री हो जाएंगे और फिर इन कर्मचारियों को अन्य 23 वार्ड में बराबर संख्या के आधार पर तैनात कर दिया जाएगा। ऐसे में अन्य वार्डों में भी साफ-सफाई की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
सदर क्षेत्र को चमकाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। यहां फैंसी लाइटें, नई सड़कें आदि का निर्माण किया गया है। इसलिए अब सदर क्षेत्र को चमकाने के लिए प्राइवेट एजेंसी को काम सौंपने की तैयार हो रही है, इसमें वार्ड नंबर 24 से 32 का क्षेत्र शामिल है। प्रस्तावित योजना के आधार पर जल्द ही निविदा की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
- पंकज सैनी, कार्यकारी अभियंता, नप सदर, अंबाला।