पानीपत। नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया।
हालांकि पानीपत में विद्यालय शिक्षा विभाग की तैयारियों के बावजूद सरकारी स्कूलों में यह अभियान सिरे नहीं चढ़ सका। रविवार का अवकाश होने के कारण अधिकांश सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थी नहीं पहुंचे।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से डिजिटल शपथ दिलाने और प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद से जोड़ने के निर्देश जारी किए थे। इसके लिए जिला स्तर पर भी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन रविवार को अवकाश होने के कारण स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम आयोजित करने में रुचि नहीं दिखाई। इसलिए स्कूलों में न तो डिजिटल शपथ का आयोजन हो सका और न ही विद्यार्थी प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ पाए।
हालांकि जिले की विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने अभियान को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम आयोजित किए। ब्रह्मकुमारी आश्रम मानसरोवर थिराना में सबसे बड़ा आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक भी किया। संवाद