पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से पानीपत के दो रेलवे ओवरब्रिज व एक रेलवे अंडरपास की आधारशिला रखी। तीनों प्रोजेक्ट 192.40 करोड़ रुपये के हैं। इसमें सिवाह, डाहर स्थित रेलवे अंडरपास की आधारशिला और गोहाना रोड एनएफएल फाटक पर बनने वाले फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज व खुखराना का रेलवे ओवरब्रिज शामिल है।
उल्लेखनीय है कि उक्त विकास परियोजनाओं को मूर्त रूप मिलने पर जिले के साथ दूसरे शहरों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज और पानीपत ग्रामीण विधानसभा विधानसभा सत्र में होने के चलते कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सके। गोहाना रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद संजय भाटिया शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और कहा कि इस परियोजनाओं से विकास के नए द्वार खुलेंगे। इस मौके पर निवर्तमान मेयर अवनीत कौर, एसडीएम समालखा अमित कुमार, राहुल विज व प्राण रत्नाकर उपस्थित रहे।
यह है प्रोजेक्ट : गोहाना रोड एनएफएल फाटक नंबर 59-ए पर रेलवे ओवरब्रिज फोरलेन बनेगा। इस पर 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसमें नहर के साथ सड़क पर लगती फाटक नंबर-58 का स्कॉप ऑफ वर्क भी शामिल है। इससे लोगों को काफी सुविधा होगी और आने जाने में परेशानी भी खत्म होगी। यहां पर एनएफएल को जोड़ने के लिए अंडरपास भी बनाया जाएगा। पानीपत-जींद लाइन स्थित फाटक नंबर 47 पर आसन कलां गांव के पास आरओबी बनाया जाएगा। आरओबी का कार्य 2024 के अंत तक पूरा होगा। इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 50 करोड़ रुपये है। जिसमें लोक निर्माण विभाग द्वारा अपने हिस्से का कार्य किया चुका है। रेलवे के हिस्से का लगभग 22 करोड़ का कार्य होना बाकी है। प्रधानमंत्री ने इस हिस्से के कार्य का शिलान्यास किया है। इसी तरह सिवाह-डाहर रेलवे लाइन की फाटक नंबर 49 पर अंडरपास 10.40 करोड रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इससे डाहर समेत इसराना व समालखा क्षेत्र के करीब सौ गांवों को सीधा रास्ता मिलेगा।
गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार खुखराना-आसन फाटक पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इसराना हलके की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया। सिवाह-डाहर फाटक नंबर-40 पर अंडरपास का शिलान्यास कार्यक्रम सिवाह गांव में आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार हर वर्ग को साथ लेकर काम कर रही है।