पानीपत। कनाडा के ओंटारियो कैंब्रिज में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली जाटल रोड निवासी वैशाली का शव सोमवार शाम को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गया। परिजन उसका शव लेने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। मंगलवार सुबह वैशाली के शव का असंध रोड पर दोनों नहरों के बीच श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
नौ दिन के प्रयास के बाद परिजन वैशाली के शव को भारत लाने में सफल हुए हैं। वैशाली के पति नीतिन हुरिया ने बताया कि अब तक आरोपी कार चालक पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब तक आरोपी का पता भी नहीं चला है। जिस कार की चपेट में आने से वैशाली की मौत हुई है उसकी रफ्तार बहुत ज्यादा थी जबकि नियमानुसार वहां गति 50 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए। विदित है कि जाटल रोड निवासी वैशाली कनाडा में स्टडी वीजा पर गई थी। वैशाली शुक्रवार शाम को ओंटारियो कैंब्रिज में सड़क पार करते हुए एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई थी। उसके रिश्तेदार उसको इलाज के लिए टोरंटो के अस्पताल में ले गए थे। जहां शनिवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब परिवार के सदस्य कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वैशाली के शव को भारत लाने में सफल हुए हैं।