माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पानीपत सहकारी चीनी मिल प्रबंधन ने अपनी तकनीकी एवं प्रशासनिक गतिविधियां और अधिक तेज कर दी हैं। हरियाणा शुगरफेड के अंतर्गत आने वाली इस मिल में पेराई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण ई-टेंडर लगाए हैं। ताकि पेराई कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
लैब संचालन, केन हार्वेस्टर व मैनपावर प्रबंधन करेगा
मिल परिसर में प्रयोगशाला (लैब) के संचालन, केन हार्वेस्टर और केन यार्ड प्रबंधन के लिए आवश्यक मैनपावर उपलब्ध के लिए टेंडर लगाया है। हरियाणा शुगरफेड के अंतर्गत चीनी मिल प्रबंधन द्वारा इस खुली निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तीन नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर एमडी कार्यालय में खोली जाएगी। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य पेराई सत्र के दौरान गन्ना आवक, गुणवत्ता जांच और यार्ड प्रबंधन को बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित करना है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जली हुई मोटरों की रिवाइंडिंग व मरम्मत कार्य टेंडर
पानीपत सहकारी चीनी मिल प्रबंधन ने विभिन्न विभागों में खराब या जली हुई मोटरों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के वास्ते रिवाइंडिंग ऑफ बर्न मोटर कार्य के लिए आधिकारिक ई-टेंडर लगाए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि और समय के तुरंत बाद तीन नवंबर को शाम मिल परिसर स्थित एमडी कार्यालय में प्राप्त निविदाओं को खोला जाएगा। चीनी मिल में उपयोग होने वाली भारी-भरकम मोटरों के समय पर दुरुस्त होने से उत्पादन कार्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं आएगी। इससे मिल की कार्यक्षमता बेहतर बनी रहेगी।
पानीपत सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक नवदीप सिंह ने कहा कि किसानों के हितों और मिल के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पेराई सत्र के दौरान मिल परिसर में किसी भी स्तर पर तकनीकी या प्रबंधकीय कमी न रहे, इसके लिए लैब संचालन, मैनपावर और मशीनरी रखरखाव से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं।