फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, नौ को बुलाई गई बैठक

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा की कुर्सी पर तलवार लटक गई है। उनके खिलाफ 12 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। वे भाजपा के समर्थन से चेयरपर्सन हैं। कुर्सी जाने की हलचल तेज होते ही चेयरपर्सन ज्योति शर्मा एक साल के कार्यकाल में पहली बार मीडिया के सामने आईं। उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन पर भ्रष्टाचार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। दूसरी ओर उनके स्काईलार्क जाते ही 10 मिनट बाद दूसरे पार्षद भाजपा और श्रीराम के पटकों के साथ स्काईलार्क की उसी टेबल पर चेयरपर्सन ज्योति शर्मा पर विकास कार्यों में मनमर्जी चलाने और उनकी अनदेखी करने के आरोप लगाए। इन सबके बीच उपायुक्त ने पार्षदों की नौ फरवरी को बैठक बुलाई है।
विज्ञापन

जिला परिषद के पार्षदों में पिछले एक साल से चल रही खींचतान शुक्रवार को खुलकर सामने आ गई। जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने कहा कि वे सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम कर रही हैं। सभी 17 वार्डों में बराबर काम कराए जा रहे हैं। तीन करोड़ के कामों के पिछले दिनों ही वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं। वह 2015 में बिना खर्ची और पर्ची के स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क चयनित हुई थीं। उसी समय से भाजपा को अपनी पार्टी मान लिया था और उसकी विकासपरक नीतियों को आगे बढ़ाने में लगी हैं। दूसरी ओर कुछ पार्षद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग कर रहे हैं, जबकि बहुमत उनके साथ है। उन्होंने कहा कि अविश्वास पहले भी लाए गए हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ है। ज्योति शर्मा ने कहा कि कुछ पार्षद रेड जोन में ट्यूबवेल लगवाने का दबाव बना रहे हैं। इन लोगों ने उनको पहले भी वोट नहीं दिया था।


चेयरपर्सन के साथ दो पार्षद आए सामने

चेयरपर्सन ज्योति शर्मा बहुमत साबित करने का दावा कर रही हैं, लेकिन शुक्रवार को उनके साथ केवल दो पार्षद रहे। तीसरी वे खुद हैं। वार्ड-8 के पार्षद सुंदर छौक्कर, वार्ड-12 पार्षद नारायण दत्त साथ दिखे, हालांकि तीन-चार पार्षद अभी अविश्वास प्रस्ताव और बहुमत के इंतजार में हैं। वे किसी भी पक्ष में शामिल हो सकते हैं। जिला परिषद के वाइस चेयरमैन आर्य सुरेश मलिक अभी चुप्पी साधे हुए हैं। वे पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुए हैं और पानीपत ग्रामीण विधानसभा से चुनाव की तैयारी में हैं।
विज्ञापन


पार्षदों ने चेयरपर्सन पर लगाए गंभीर आरोप

अविश्वास लाने वाले 12 में से सात पार्षद और उनके प्रतिनिधि शुक्रवार को स्काईलार्क में पहुंचे। उन्हाेंने ज्योति शर्मा की ओर से उनको विपक्षी पार्षद बताने का विरोध किया। साथ ही खुद को भाजपा का सच्चा सिपाही बताया। वार्ड-13 की पार्षद काजल देशवाल के पति संदीप देशवाल ने कहा कि चेयरपर्सन ज्योति शर्मा काे विकास कार्य कराने के लिए एक साल का समय दिया, लेकिन उन्होंने वार्डों में मनमर्जी से काम किया। ग्रांट और बिल पास करने की पावर चेयरपर्सन के पास होती है। पार्षद अपने कामों का प्रस्ताव बनाकर देते हैं। उनके प्रस्ताव को दरकिनार कर मर्जी के काम कराए जाते हैं, जिससे पार्षदों में रोष व्याप्त है। दयानंद कश्यप ने बताया कि वार्ड-11 से उनकी पुत्रवधू ममता रानी पार्षद हैं। उनके वार्ड में अब तक सवा तीन लाख के काम कराए गए हैं, जबकि साथ लगते वार्ड में करीब 53 लाख के काम करा दिए गए। वार्ड-17 से पार्षद जितेंद्र ने आरोप लगाया कि उनके गांव में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई। इसके अलावा साइन बोर्ड लगाने का प्रस्ताव भी अनदेखा कर दिया। वार्ड-1 के पार्षद आकाश पोड़िया ने बताया कि पार्षदों के प्रस्तावों को छोड़कर मुनाफे के काम कराए जा रहे हैं। पिछले प्लान में किए गए कार्यों के बिल भी पास कर दिए गए। इस मौके पर वार्ड-16 की पार्षद पूजा रानी के प्रतिनिधि महावीर, वार्ड-5 पार्षद रेखा रानी के प्रतिनिधि हरेंद्र व वार्ड-6 पार्षद डॉ. जगबीर मौजूद रहे।



उपायुक्त ने नौ को दोपहर बाद बुलाई बैठक

उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने पार्षदों की मांग पर नौ फरवरी को अविश्वास के लिए बैठक बुलाई है। चेयरपर्सन ज्योति शर्मा समेत सभी 17 पार्षदों को इसका पत्र जारी किया गया है। इसी पत्र पर चेयरपर्सन के पक्ष और विपक्ष के आगे निशान लगाना होगा। जारी पत्र अनुसार, दोपहर बाद साढ़े 12 बजे बैठक तय की है। पार्षदों को एक बजे के बाद प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बैठक की कार्रवाई एक से डेढ़ बजे तक चलेगी। जरूरत पड़ने पर डेढ़ से पौने दो बजे तक मतदान की तैयारी होगी। पौने दो से सवा दो बजे तक मतदान कराया जाएगा। सवा दो से पौने तीन बजे तक मतदान का परिणाम जारी किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें