संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। नौवीं से बारहवीं की बोर्ड से पहले प्री-बोर्ड परीक्षा ली जाएंगी। इसकी डेटशीट शिक्षा बोर्ड ने जारी कर दी है। नौवीं और 11वीं की परीक्षा 22 दिसंबर से शुरू होंगी और दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं 22 जनवरी को शुरू होंगी।
नवंबर महीने में स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा लगाने पर जोर देना शुरू कर दिया है। कई स्कूलों में सुबह तो कई में शाम के समय अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। हर स्कूल में बोर्ड और नॉन बाेर्ड की कक्षाओं में बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए काम किया जा रहा है। वहीं शिक्षा अधिकारी स्कूलों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसमें अध्ययन और अध्यापन दोनों की जांच की जा रही है। साथ ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने प्री-बोर्ड की परीक्षा लेने के लिए डेटशीट जारी कर दी है।
नॉन बोर्ड की अगले माह होगी परीक्षा
नौवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए दिसंबर माह (सत्र 2025-2026) में सेट-दो की परीक्षाएं होंगी। 22 दिसंबर को नौवीं की सामाजिक और ग्यारहवीं की कला, म्यूजिक का पेपर होगा। ये परीक्षा 29 दिसंबर को समाप्त होंगी। वहीं दसवीं की परीक्षा 22 जनवरी 2026 से विज्ञान के पेपर और बारहवीं की परीक्षा कंप्यूटर के पेपर से शुरू होंगी।
बोर्ड की परीक्षा से पहले नौवीं से 12वीं कक्षा तक की प्री-बोर्ड परीक्षाएं ली जाएंगी। इससे परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की तैयारी अच्छी हो सकेगी। उन्हें जिस भी विषय में या प्रश्न में कमी रहेगी उसकी बोर्ड परीक्षा से पहले तैयारी कर पाएंगे।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी