माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। भीषण गर्मी के बीच शहर के तहसील कैंप और भावना चौक क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। केबल और ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण करीब 100 से अधिक घरों को लगभग 13 घंटे तक बिजली कट का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों को पेयजल तक की किल्लत झेलनी पड़ी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, न्यू रमेश नगर में बुधवार रात करीब 11 बजे केबल में खराबी आने से ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद हो गई थी। शिकायत के बावजूद बिजली आपूर्ति वीरवार दोपहर करीब 2 बजे बहाल हो सकी। लंबे कट से घरों में लगे इन्वर्टर भी बंद हो गए और लोग पानी के लिए परेशान होते रहे।
इसी तरह बंदा बहादुर गुरुद्वारा क्षेत्र में भी वीरवार दोपहर 12 बजे बिजली गुल हो गई, जो शाम करीब 6 बजे बहाल हो सकी। शहर के अन्य हिस्सों में भी अघोषित कटौती से लोग परेशान नजर आए।
लोगों का आरोप है कि मॉडल टाउन और सिटी सब-डिवीजन में बिजली सप्लाई की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को दिए जाने के बाद व्यवस्था और बिगड़ गई है। लोगों का कहना है कि एजेंसी के कर्मचारी फोन नहीं उठाते और फॉल्ट ठीक करने में देरी करते हैं।
एसडीओ यतेंद्र कटारा ने बताया कि तहसील कैंप क्षेत्र में दो ट्रांसफार्मर डैमेज हो गए थे, जिन्हें बदल दिया गया है। वहीं भावना चौक क्षेत्र में केबल बदलने का कार्य किया गया, जिसके कारण सप्लाई बाधित रही। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। भीषण गर्मी से परेशान क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।