पानीपत। मानसून की जबरदस्त बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया है, जिससे बिजली की खपत काफी कम हो चुकी है। गर्मी में डेढ़ करोड़ यूनिट प्रतिदिन की खपत थी लेकिन अब यह घटकर सवा करोड़ यूनिट रह गई है। दूसरी ओर बारिश से कई जगहों पर फॉल्ट भी हो रहे हैं। आए दिन केबल बॉक्स फट रहे हैं। केेबल पंक्चर हो रही हैं। बिजली सप्लाई में ब्रेकडाउन हो रहे हैं, जिससे घंटों बिजली गुल हो जाती है।
बुधवार को भी सुबह से चल रही बारिश की वजह से सब अर्बन सब डिविजन के अंतर्गत आने वाले किशनपुरा फीडर पर करीब सात घंटे तक बिजली गुल रही। यहां बॉक्स फटने पर सप्लाई गुल हो गई। शिकायत मिलने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे लेकिन बारिश के कारण सप्लाई को चालू नहीं किया जा सका। ऐसे में घंटों इंतजार के बाद कर्मचारियों ने केबल बाक्स को ठीक करने का काम पूरा किया। दूसरी तरफ विकास नगर में ट्रांसफार्मर ही गिर गया। लोगों ने बताया कि बारिश के मौसम में अचानक ट्रांसफार्मर गिर जाने की वजह से पिछले 24 घंटों में इसे दोबारा ठीक नहीं किया जा सका है।
आंकड़ों से जानें रोजाना घटती खपत
तारीख--- बिजली की खपत यूनिट में
21 जुलाई --- 91.07 लाख
22 जुलाई --- 1.07 करोड़
23 जुलाई --- 1.16 करोड़
24 जुलाई --- 1.24 करोड़
25 जुलाई --- 1.15 करोड़
26 जुलाई --- 1.21 करोड़
27 जुलाई --- 1.17 करोड़
जहां जहां बिजली के फॉल्ट मिलने की सूचना मिलती है उसे उसी समय ठीक करवाने के आदेश जारी किए जाते हैं। कई बार बारिश के मौसम में काम करने में दिक्कत भी आती है। इसके लिए निगम की पूरी टीम लगी है। लोगों को निर्बाध सप्लाई देने का काम किया जा रहा है।
मनोज कुंडू, एसडीओ, सनौली रोड, सब डिविजन, पानीपत।