संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। उपमंडल समालखा में जल्द पोस्टमार्टम शुरू होंगे। इसके लिए शवगृह कक्ष तैयार हो चुका है और उपमंडल को पोस्टमार्टम के लिए तीन मेडिकल चिकित्सक की ड्यूटी लगा दी है। समालखा में पोस्टमार्टम शुरू होने से जिला नागरिक अस्पताल का कार्यभार कम होगा और लोगों को शव के पोस्टमार्टम के लिए पानीपत तक नहीं आना पड़ेगा। समालखा में पोस्टमार्टम शुरू होने से सनौली, बापौली और समालखा थाना के अंतर्गत मामलों में कार्रवाई की जाएगी। समालखा सिविल अस्पताल में सिजेरियन शुरू हो चुकी हैं। यहां पोस्टमार्टम हाउस बनकर तैयार है। इसके साथ डी-फ्रीज भी पहुंच गया है। जिले में अब तक पोस्टमार्टम की सुविधा केवल जिला नागरिक अस्पताल में थी। जिले के प्रत्येक क्षेत्र से शवों को यहां लाना पड़ता था। जिससे परिजनों को परेशानी होती थी। अब समालखा अस्पताल में पोस्टमार्टम शुरू किए जाएंगे। इससे परिजनों की परेशानी के साथ जिला नागरिक अस्पताल का कार्यभार भी कम होगा। समालखा एसएमओ द्वारा पोस्टमार्टम के लिए शवगृह तैयार होने की बात कही जा रही थी। इसके लिए मेडिकल चिकित्सकों की मांग की गई थी। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा वहां पर तीन एमओ की ड्यूटी लगाई गई है। बापौली से डॉ. पुनीत त्यागी, नारायणा से डॉ. आशीष और जिला नागरिक अस्पताल से डॉ. अतुल की ड्यूटी लगाई गई है।