बुजुर्गों के साथ युवाओं की छाती में भी जम रहा कफ, सांस लेने में परेशानी अस्पताल में फिजियोथेरेपी से भी हो रहा उपचार
फिजियोथेरेपिस्ट मरीजों को एक्सरसाइज के साथ प्रदूषण से बचाव के तरीके बता रहीं
घरों के आसपास पानी का छिड़काव करने और बाहर निकलते समय मास्क लगाने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। वायु प्रदूषण और धुएं के बढ़ते स्तर के कारण सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बुजुर्गों के साथ युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में पिछले एक सप्ताह के दौरान सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) और अस्थमा के करीब 10 मरीज पहुंचे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. नेहा बंसल ने बताया कि पहले इतने मरीज पूरे महीने में आते थे, लेकिन अब एक सप्ताह में ही इतनी संख्या सामने आ रही है। अस्पताल में फिजिशियन के साथ फिजियोथेरेपी विभाग में भी इन मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
डॉ. नेहा बंसल ने बताया कि प्रदूषण के कारण लोगों की छाती में कफ जमने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत बढ़ रही है। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्हें आंखों को समय-समय पर साफ पानी से धोना चाहिए और घरों के आसपास पानी का छिड़काव करना चाहिए।
बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। सुबह जल्दी घर से बाहर निकलने से बचें और शाम को जल्द घर लौट आएं। इसके अलावा नियमित एक्सरसाइज करें। सांस संबंधी परेशानी के शुरुआती लक्षण दिखने पर डॉक्टर से परामर्श लेकर उपचार करवाएं।
सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों के लिए उपयोगी एक्सरसाइज
डॉ. नेहा बंसल ने बताया कि सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों को कंधों और छाती से जुड़ी एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसके अलावा गुब्बारे फुलाने, पानी में बुलबुले बनाने और सांस अंदर खींचकर मुंह से सीटी बजाने जैसी तकनीकों का अभ्यास कराया जाता है। इनसे सांस छोड़ने की प्रक्रिया बेहतर बनाने और छाती में जमा बलगम को बाहर निकालने में मदद मिल सकती है। कंधों और छाती की एक्सरसाइज से सांस लेने की क्षमता में सुधार लाने में भी सहायता मिलती है।
वायु प्रदूषण के कारण सीओपीडी और अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतनी चाहिए। अस्पताल में फिजियोथेरेपिस्ट मरीजों को एक्सरसाइज करवाकर जागरूक कर रही हैं। जरूरत के अनुसार मशीनों से भी उपचार किया जा रहा है। -डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।
1