आरपीआईए के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र से राज्य सभा सांसद रामदास अठावले ने बयान देकर एक बार फिर प्रदेश में जातीय रंग दे दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से जातिवाद खत्म करना है तो अंतर जातीय विवाह को बढ़ावा देना होगा। यहीं नहीं उन्होंने ऐसी शादी करने वालों को पांच लाख की मदद व एक सरकारी नौकरी देने की भी बात उठाई। हालांकि उन्होंने प्रदेश में जाटों को आरक्षण देने की दलील भी दी। उन्होंने यह ब्यान अपनी भारत भीम यात्रा समस्ता रथ के दौरान पानीपत लघु सचिवालय पहुंचकर दिया।
26 जनवरी से देश भर में भारत भीम यात्रा समस्ता रथ लेकर निकले आरपीआईए के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद भीम राव अंबेडकर के जन्मदिवस पर पानीपत लघु सचिवालय पहुंचे। पानीपत पहुंचने पर आरपीआई के कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया। सांसद रामदास अठावले ने कहा कि 26 जनवरी को कन्याकुमारी से यात्रा लेकर निकले थे। उन्होंने इस दौरान देश के हजारों गांवों का दौरा कर वहां के हालात जाने हैं। उनकी यात्रा भीम राव अंबेडकर के जन्मस्थान महू, मध्यप्रदेश में संपन्न होगी। वह यात्रा के दौरान देशभर में जातिवाद को खत्म करने का संदेश लेकर निकले हैं। संविधान निर्माता भीम राव अंबेडकर ने अपना जीवन देश में भाईचारा कायम करने के लिए बीता दिया। बाबा साहेब देश में क्षमता व जातिवाद के खिलाफ हमेशा रहे हैं।
उन्होंने सभी से बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जातिवाद समाज में जहर घोलकर भाई को भाई से अलग कर रहा है। समाज टूट रहा है। आज के वक्त में लोग एक दूसरे के दुश्मन बन चुके हैं। राज्यसभा सांसद रामदास अठावले ने विवादित ब्यान देते हुए कहा कि देश भर में जातिवाद को खत्म करने के लिए अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देना चाहिए। सरकार की तरफ से अंतर जातीय विवाह करने वाले युवक-युवतियों को पांच लाख रुपये की मदद व एक सरकारी नौकरी भी देनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा में हाल में हुए जाट आरक्षण पर बोलते हुए कहा कि जाटों को अगर 25 प्रतिशत तक आरक्षण मिले तो उनकी पार्टी इसका विरोध नहीं करेगी। हर कौम में गरीब तबके के लोग है। इसलिए आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरक्षण के दौरान हुई हिंसा का विरोध करते हुए कहा कि हिंसा किसी भी चीज का समाधान नहीं है। यह देश हमारा है यह हमारी संपति है।
गुरु रविदास सभा ने किया अठावले का स्वागत
पानीपत एसडी महाविद्यालय में पहुंचने पर आरपीआईए के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद रामदास अठावले का श्री गुरु रविदास सभा ने फूल मालाओं से स्वागत किया। भव्य स्वागत पर रामदास अठावले से आभार जताया और दलितों की लड़ाई लड़ते रहने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने संपूर्ण जीवन दबे कुचले लोगों को उनका हक दिलाने के लिए कुर्बान कर दिया था। हमें उस महान शख्सियत के दिशा निर्देशों पर चलना चाहिए। इस मौके पर सभा के पूर्व प्रधान परमानंद पुनिया, नारायण पुनिया, दयानंद ग्रिही, पूर्ण चंद, लालचंद,रामचंद्र, जोगिंद्र पुनिया, सुरेश पुनिया, नंद किशोर मौजूद रहे।