पानीपत। सेवा-सुरक्षा-सहयोग का नारा देने वाली हरियाणा पुलिस के जवान व होमगार्ड ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक महिला का गुम हुआ पर्स लौटा दिया। होमगार्ड लालबत्ती चौक पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान उसे पर्स मिला, पर्स में मिले दस्तावेजों से महिला की पहचान हुई और उससे संपर्क कर पर्स को लौटाया। पर्स में 10 हजार रुपये नकदी और दो जोड़ी सोने की बालियां थीं।
ट्रैफिक पुलिस में तैनात होमगार्ड राजेश ने बताया कि शनिवार को वह लालबत्ती चौक पर अपनी ड्यूटी दे रहा था। इसी बीच उसे एक पर्स मिला। पर्स में 10 हजार रुपये और दो जोड़ी सोने की बालियां थीं। कुछ जरूरी दस्तावेज भी थे, जिनमें उसका दिवाना गांव का पता लिखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने दिवाना के सरपंच से संपर्क किया और दस्तावेज भेजकर मामले की जानकारी दी। सरपंच ने महिला के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार लालबत्ती चौक पर पहुंचा। महिला की पहचान कृष्णा पत्नी वीरभान निवासी गांव दिवाना के रूप में हुई। हेड कांस्टेबल जगपाल सिंह की देखरेख में होमगार्ड सुरेंद्र, राकेश व बाली ने कृष्णा को पर्स लौटाया। कृष्णा बेहद खुश हुई और उसने ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों का धन्यवाद किया।