संवाद न्यूज एजेंसी
बापौली। आसाराम और उनके लड़के नारायण साईं केस के गवाह सनौली खुर्द गांव निवासी महेंद्र चावला ने एक पुलिसकर्मी पर गारद रूम के गारद रजिस्टर का षड्यंत्रपूर्वक पेज फाड़कर पेज चोरी करने वाले का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत सनौली खुर्द थाना पुलिस, एसपी, आईजी और डीजीपी को भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
महेंद्र चावला ने शिकायत में बताया कि आसाराम बापू और उनके लड़के नारायण साईं के विरुद्ध सरकारी गवाह होने के कारण उसके ऊपर जानलेवा हमला हुआ था। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार वे पानीपत पुलिस की सुरक्षा में हैं। उसकी गारद में 17 जनवरी को पुलिस लाइन पानीपत से जसबीर सिंह को भेजा गया था। गारद रजिस्टर में उसकी आमद दर्ज की गई लेकिन उसने बीमार होने की बात कही।
उसने उच्चाधिकारी से बात करवाई तो जसबीर को वापस पुलिस लाइन बुला लिया गया। इसे भी गारद रजिस्टर में दर्ज कर रजिस्टर को गारद रूम की अलमारी में रख दिया गया। वह किसी काम से बाहर चले गए। अब 20 जनवरी को सुबह गारद में हाजिर कर्मचारियों ने अपनी दो दिन की यात्रा विवरण लिखने के लिए जब गारद देखा तो उसमें से 17 जनवरी का पेज गायब मिला।
उसने कैमरे की फुटेज चेक की तो जसबीर अलमारी से गारद रजिस्टर निकालकर पेज फाड़ते हुए दिखाई दे रहा है। पेज के टुकड़े-टुकड़े करता हुआ दिख रहा है। महेंद्र चावला ने आरोप लगाया कि दिनेश कुमार और पुलिस लाइन का मुंशी जानबूझ कर उसे परेशान कर रहे हैं। उसके पास बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी भेज रहे हैं। चावला ने जांच कर ठोस कार्रवाई की मांग की है।