पानीपत। पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की न्यू बसंत नगर कॉलोनी में निजी अस्पताल के आईसीयू प्रभारी चिकित्सक सौरभ जैन की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। इसके साथ ही पुलिस मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की होगी।
न्यू बसंत नगर के गौरव जैन ने वीरवार को पुराना औद्योगिक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि वह मूल रूप से सोनीपत के गन्नौर के रहने वाले हैं। उनके भाई सौरभ जैन पानीपत के छाबड़ा अस्पताल में आईसीयू इंचार्ज थे। सौरभ का अपनी पत्नी डिंपल से तलाक का मुकदमा चल रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा लगातार 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जिस कारण तनाव में आकर सौरभ ने बुधवार शाम को जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले की जांच की थी। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था। जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी डिंपल, साले शुभम, सास रेनू व पत्नी के मामा टीटू टूटी उर्फ बनिया को मौत के लिए जिम्मेदार बताया था।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट की भी जांच कराई जाएगी। जिससे तय हो सके की सुसाइड नोट सौरभ द्वारा की लिखा गया था।