पानीपत। थाना सेक्टर 13/17 के निजामपुर गांव में खेत में आग में जलने से हुई हुई किसान बिजेंद्र की मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल किसान की वीडियो भी कब्जे में ली है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार की रात को निजामपुर गांव के किसान बिजेंद्र (55) की खेत में आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक के बेटे रोहित ने सेक्टर-13/17 थाना पुलिस को शिकायत देकर रियल एस्टेट कंपनी के दो कर्मचारियों पर आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि सोमवार शाम को कंपनी के कर्मचारी रवि व रजत ने उनके ट्यूबवेल के कमरे को ध्वस्त कर उनके ट्यूबवेल को उखाड़ दिया था। उनके पिता बिजेंद्र (55) सोमवार शाम को करीब साढ़े आठ बजे खेत पर गए थे। उन्हें शक है कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनके पिता बिजेंद्र को जिंदा जला दिया था। जिससे उनकी दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने घटना के बाद के कुछ वीडियाे कब्जे में लिए हैं। जिनमें मौत से पहले किसान बिजेंद्र के बयान का वीडियो भी शामिल है। इसके साथ ही पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।