पानीपत। यातायात पुलिस ने सर्विस लेन पर नो पार्किंग जोन में खड़ी मोटरसाइकिल और दूसरे दोहपिया वाहनों को उठा लिया। बैंक कर्मचारियों और उपभोक्ता अपनी बाइक और दोपहिया छुड़ाने के लिए थाना शहर पहुंच गए। यहां काफी देर तक हंगामा मचा रहा। पुलिस ने उनको चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने शहर में 40 ओवरलोड वाहनों के चालान किए।
यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर रोशनलाल की अगुवाई में पुलिस ने मंगलवार सुबह ही ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने असंध रोड और जीटी रोड लालबत्ती चौक पर ऐसे वाहनों को रुकवाकर चालान किया। पुलिस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालक दूसरे रास्तों से जाने लगे। पुलिस ने दोपहर बाद जीटी रोड की सर्विस लेन पर नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े दोपहिया वाहनों को जब्त कर ट्रैक्टर-ट्राली में लोड कर थाना शहर पुलिस परिसर में ले आए। दोपहिया वाहन चालकों ने पुलिस से अपने वाहन छुड़वाने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उनको अनदेखा कर दिया। वाहन चालक पुलिस के पीछे-पीछे थाना शहर पहुंच गए। यहां काफी देर बाद पुलिस ने चेतावनी देकर वाहनों को छोड़ा।
इंस्पेक्टर रोशनलाल ने बताया कि पुलिस सर्विस लेन खड़े वाहनों और ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे वाहन चालकों पर आगे जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस बुधवार को इसमें सख्ती बरतेगी।