पानीपत। मतलौडा थानाक्षेत्र में 20 सितंबर की रात खेत में बने डेरों में महिलाओं से दरिंदगी करने के सभी छह आरोपी पेशेवर चोर हैं। ये खेतों में बने डेरों को निशाना बनाते थे। उन्होंने पानीपत में लगभग 30 चोरी व झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी जयभगवान, नरेंद्र, नवीन व सोनू से रिमांड के दौरान इन वारदात का खुलासा हो चुका है। जिले के छह थानों की पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।इनमें सदर, इसराना, मतलौडा, समालखा, सनौली और बापौली थानों की पुलिस शामिल है।
पुलिस बारी-बारी से इन आरोपियों को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर आएगी। इस पूरे गिरोह का सरगना मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। उससे आपराधिक वारदात की परतें खुलेंगी और चोरी सामान को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस को वारदात के दूसरे दिन ही शक हो गया था कि महिलाओं से दरिंदगी करने वाला डेरों में चोरी करने वाला गिरोह ही है। पुलिस ने इन आरोपियों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र के कबाड़ियों से भी पूछताछ की थी। खेतों में चोरी की वारदात में शामिल लगभग 50 युवकों से पूछताछ भी की थी। पुलिस की यह जांच सही दिशा में चली और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खेतों में चोरी की वारदात के बाद उत्तर प्रदेश फरार हो जाते थे।
दरिंदगी के आरोपियों ने नशे की हालत में महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने पानीपत, मतलौडा, इसराना व समालखा में लगभग 30 वारदात को अंजाम दिया। चोरी का सामान ये किन-किन कबाड़ियों को बेचते थे, इसकी भी जांच होगी।
पुलिस ने आरोपियों से कई पहलुओं पर पूछताछ की है। गिरोह के सरगना राजीव उर्फ राजू से पूछताछ होनी बाकी है। प्रदेश में जहां भी महिलाओं से दरिंगदी जैसी ऐसी वारदात हुई हैं, उनके बारे में भी राजू से पूछताछ की जाएगी। कुछ दिन पहले सोनीपत में प्रवासी महिला के साथ भी सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। उसके संबंध में भी पूछताछ की जा सकती है।
20 सितंबर की रात आरोपी राजीव उर्फ राजू, जयभगवान, ज्योति, नरेंद्र, नवीन व सोनू ने मतलौडा थानाक्षेत्र में खेत में एक डेरे में घुसकर तीन महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म किया था। इनके पतियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें हथियार के बल पर बंधक बना लिया गया था। इनके साथ मारपीट भी की गई थी। पूरी रात महिलाओं के साथ दरिंदगी की गई थी। पास ही दूसरे डेरे में एक महिला की आरोपियों की पिटाई से मौत भी हो गई थी।
- 20 सितंबर की रात महिलाओं से दरिंदगी।
- 22 सितंबर को सोनीपत व जींद की एसटीएफ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। पहली बार बदमाशों की सीसीटीवी कैमरों में धुंधली तस्वीरें मिलीं।
- 23 सितंबर को एसपी अजीत सिंह शेखावत ने आरोपियों का सुराग देने वालों पर एक लाख रुपये का इनाम रखा।
- 24 सितंबर को कांग्रेस के नेताओं ने लघु सचिवालय में रोष प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
- 27 सितंबर को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने डेरों में पीड़िताओं से बातचीत कर एसपी से मामले की रिपोर्ट ली।
- तीन अक्टूबर को सीआईए थ्री ने गांव दिवाना के पास से आरोपी सोनू, नवीन व जयभगवान को गिरफ्तार किया।
- 7 अक्तूबर को मुजफ्फरनगर के गांव बड़का में लोगों ने आरोपी राजू, नरेंद्र व ज्योति को पकड़ा। आरोपी राजू ने जहर निगला और ज्योति फरार हो गया।
आरोपियों से अब तक यह खुलासा भी हुआ है कि उन्होंने जिले में चोरी व झपटमारी की कई वारदात में कबूलनामा किया है। आरोपी राजू का मेरठ में इलाज चल रहा है। ठीक होने के बाद उसको पानीपत लाकर पूछताछ की जाएगी। सभी थानों में खेतों में हुई चोरी की एफआईआर निकाली जा रही है।
- अंकित कुमार, प्रभारी सीआईए -3