पानीपत। कारोबारियों से हुई 1.07 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस सभी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं साथ ही पीड़ित कारोबारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबूत जुटाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, कुछ और कारोबारियों ने थाने पर पहुंचकर ठगी के आरोप लगाए।
पानीपत में चार युवकों ने दो अलग-अलग नाम से फर्म बनाकर शहर के 29 कारोबारियों से तैयार माल खरीदकर 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। आरोपी तैयार माल खरीदकर उन्हें चेक दे रहे थे। जब वे चेक बैंक में लगाते तो चेक बाउंस हो जाता था। एक ही तरह से 29 से अधिक कारोबारियों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने कारोबारी प्रेम कुमार की शिकायत पर चार आरोपियों दीपक कपूर, प्रीत सिंह, राज रत्न, व राहुल उर्फ मानिक के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना तहसील कैंप में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने अब इस मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। कुछ अन्य कारोबारियों ने भी थाने पर पहुंचकर ठगी का शिकार होने का दावा किया है। पुलिस ने एक-एक कर सभी के दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए साथ ही बैंक डिटेल और और आरोपियों की फर्म के कागजों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सबूत एकत्र करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
कारोबारियों से हुई ठगी के मामले में तफ्तीश की जा रही है। सबूत एकत्र कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।