इसराना। 11 माह इसराना के पास से गाड़ी लूटने के आरोपी को इसराना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपी से वारदात के बारे में पूछताछ की गई और मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि पिछले वर्ष 19 अगस्त को कृष्ण कुमार पुत्र वासी गांधी नगर गन्नौर ने पुलिस को शिकायत दी थी। कृष्ण कुमार ने बताया था कि उसका चरखीदादरी में रोड़ी बजरी का क्रशर है। वह 18 अगस्त को अपनी गाड़ी पर सवार होकर घर जाने के लिए आ रहा था। गाड़ी को चालक विरेंद्र निवासी शेखपुरा गन्नौर चला रहा था।
जब वह लाखू बुआना नजदीक बिजावा मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से एक दिल्ली नंबर की कार आई। इस कार ने उनकी कार को ओवरटेक किया। इस कार से तीन युवक उतरे। उसकी गाड़ी पर गोली चलाई गई। उससे पिस्तौल के बल पर 1.40 लाख रुपये ,उसका लाइसेंसी रिवाल्वर,मोबाइल फोन, चालक विरेंद्र के करीब 25 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिया था। आरोपियों ने उसने कार भी लूट ली थी।
इस प्रकरण में आरोपी दीपक पुत्र राजेंद्र निवासी गांव बिधलान , जिला सोनीपत को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर शामिल तफ्तीश किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गाड़ी छीनने की वारदात को स्वीकार किया है। गिरफ्तार करके आरोपी को जेल में भेजा गया है। इस मामले में रवि कुमार निवासी गांव जागसी को पहले ही गिरफ्तार करके जेल में भेजा जा चुका है।