शहर में राहगीरों से लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का सीआईए-3 पुलिस टीम ने पर्दाफाश किया है। चौटाला रोड पर पावर प्लांट के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपियों ने एक महीने में छह लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी ने दी जानकारी
बुधवार को जिला सचिवालय के सभागार में डीएसपी सतीश वत्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शहर में रात के समय लूट और छिनैती की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सीआईए-3 की टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान हरि नगर निवासी अभिषेक उर्फ बाबा, जीवन उर्फ प्रधान, और सैनी कॉलोनी निवासी मनप्रीत उर्फ हन्नी और नितिन उर्फ भूत के रूप में हुई है।