पानीपत। एमडीडी ऑफ इंडिया द्वारा 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस पर ज्ञान दीप पब्लिक स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रॉक्सेड़ा में बाल विवाह मुक्त अभियान का आयोजन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इसमें विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो और बाल श्रम के खिलाफ जागरूक किया गया। प्रार्थना सभा में एमडीडी ऑफ इंडिया में बच्चों और अध्यापकों के साथ बाल विवाह और बाल मजदूरी के खिलाफ शपथ दिलाई गई। एमडीडी के जिला समंवयक संजय कुमार ने कहा कि बाल-विवाह करने वाले को दो साल की जेल और एक लाख रुपये जुर्माना हो सकता है। अगर आपके आस पास कोई बाल विवाह होता है उसकी सूचना अध्यापक, गांव के सरपंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर को दे सकते हैं।
चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, डायल 112 और 181 पर भी जानकारी देकर बाल विवाह रुकवा सकते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हम भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त कर देंगे। यह तभी संभव हो पाएगा जब प्रत्येक नागरिक की भागीदारी होगी।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक किशोर कुमार ने कहा कि बाल-विवाह को रोकने के लिए प्रत्येक बच्चे को जागरूक होना पड़ेगा और वे अपने आस पास के लोगों को भी जागरूक करें तभी हम सामाजिक बुराइयों को खत्म कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रिंसिपल दीपिका, किशोर कुमार प्रबंधक, शिल्पी, शशि बाला, सुप्रिया, सीमा, मनीषा, आकाश और विद्यार्थी उपस्थित रहे।