खेलों में सीवन क्षेत्र के खिलाड़ी चमका रहे नाम पर सुविधाएं शून्य
नगर पालिका के गठन के चार वर्ष बाद भी नहीं बन पाया है शहर में खेल मैदान
खिलाड़ियों को पांच किमी दूर पट्टी अफगान खेल स्टेडियम के करना पड़ता है अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/ कैथल। खेलों में सीवन क्षेत्र के खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम चमका रहे हैं लेकिन यहां उन्हें अभ्यास के लिए सुविधाएं नहीं मिल रहीं है। सीवन में नगर पालिका के गठन को चार से अधिक वर्ष बीत चुके हैं। इसके बाद भी यहां कोई खेल मैदान नहीं बन सका है। ऐसे में खिलाड़ियों को पांच किलोमीटर दूर पट्टी अफगान खेल स्टेडियम में अभ्यास करना पड़ता है। यही नहीं, इस स्टेडियम में सफाई व्यवस्था न होने और ट्रैक भी सही नहीं होने के कारण यहां पर भी अभ्यास में परेशानियां खिलाड़ियों को झेलनी पड़ती है। हाल ही में सीवन निवासी अरुण ने ओपन पैरा एथलीट में ऊंची कूद में दो स्वर्ण पदक जीते हैं। साथ ही नेपाल में हाल ही में आयोजित हुई टेपबॉल क्रिकेट सीरिज में सीवन निवासी श्वेता ने टीम में उप-कप्तान की भूमिका निभाते हुए भारत को 3-1 से जीत दर्ज करवाई थी, लेकिन इसके बावजूद सीवन में खेल की सुविधाओं को लेकर उचित प्रबंध खेल विभाग की ओर से नहीं किए गए हैं।
खेल स्टेडियम न होने के अभ्यास में होती है परेशानी
सीवन में कोई खेल स्टेडियम न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सीवन से पांच किलोमीटर दूर स्थित पट्टी अफगान खेल स्टेडियम में अभ्यास करना पड़ता है। प्रतिदिन शाम के समय यहां पर दौड़ लगाने जाता हूं और ऊंची कूद का अभ्यास भी यहां पर करता हूं। संबंधित विभाग से कई बार सीवन में खेल स्टेडियम की सुविधा की मांग की है, लेकिन कोई सुनवाई अभी तक नहीं हुई है।
- अरुण शर्मा, खिलाड़ी, सीवन।
टेपबॉल क्रिकेट का अभ्यास के लिए हो मैदान
सीवन में खेल स्टेडियम का मैदान होगा तो यहां पर क्रिकेट का मैदान भी बन पाएगा। जब खेल स्टेडियम ही नहीं है तो यह मैदान भी नहीं बन पा रहा है। ऐसे में सीवन के राजकीय कन्या स्कूल में टेपबॉल क्रिकेट का अभ्यास करने के लिए आती हूं। यहां पर संचालक संजय सेन की ओर से पिच बनाकर व्यवस्था करवाई गई है, लेकिन खेल विभाग से कोई सहयोग नहीं मिला।
- श्वेता, उप-कप्तान, टेपबॉल क्रिकेट टीम, सीवन।