पानीपत। सिंगपुरा सिठाना गांव निवासी एक युवक को इटली भेजने के नाम पर तीन कबूतरबाजों ने 14 लाख रुपये की ठगी कर ली। अब युवक का भी कोई सुराग नहीं लग रहा है। पिता ने कबूतरबाजों पर मानव तस्करी के आरोप लगाए हैं। सदर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंगपुरा सिठाना निवासी बीरचंद मेहनत मजदूरी करता है। उसने सबसे छोटे बेटे राजकुमार को विदेश भेजने के लिए मूनक निवासी पवन कुमार व लेखराज से बातचीत की थी। उन्होंने बेटे को 20 मिनट में इटली भेजने का आश्वासन दिया और उससे 14 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने उससे कहा कि बेटे को विदेश भेजने के लिए उन्होंने कैथल निवासी प्रेम कुमार से बात की है। वह पक्के में बेटे को इटली भेज देंगे। 24 मार्च को आरोपियों ने जरूरी दस्तावेज और कपड़े लेकर अमृतसर एयरपोर्ट बुलाया। जहां आरोपियों ने कहा कि फ्लाइट पहले दुबई जाएगी। उसके बाद इटली भेज दिया जाएगा। उसने विश्वास कर लिया। दुबई जाने के बाद 28 मार्च को एजेंट ने उसे दूसरे रास्ते से इटली ले जाने के लिए कहा। उसने मना किया और आरोपियों को कहा कि उनकी बात पक्के में इटली भेजने के लिए हुई थी। वह बेटे को डोंकी के रास्ते नहीं भेजना चाहते। अब नौ जून से बेटे से बातचीत नहीं हो पा रही है। न ही उसके बेटे का कोई सुराग लग पाया है।
बीरचंद ने बताया कि जब उसने तीनों एजेंटों से अपने रुपये वापस मांगे और बेटे को वापस भारत बुलाने के लिए कहा तो वह डराने-धमकाने लगे और रुपये देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि आरोपियों का गिरोह मानव तस्करी का भी काम करता है। इसलिए उनका परिवार डरा-सहमा है।
पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- राम निवास, प्रभारी, सदर थाना