मतलौडा(पानीपत)। थाना मतलौडा पुलिस ने अहर गांव के कर्मवीर को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 54.75 लाख रुपये की ठगी के मामले में चौथे आरोपी करनाल के शेखपुरा के राहुल को वीरवार को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।
आरोपी को लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। वह विदेश भागने का प्रयास कर रहा था। आरोपी ने अपने तीन साथियों बंटी निवासी शेखपुरा, विकास चंद्र हैल्दर निवासी अनीशमाली गगनपुर नादिया पश्चिम बंगाल, चंचल राय निवासी कन्हन नागपुर महाराष्ट्र के साथ मिलकर अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप स्वीकार किए हैं।
तीनों आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी राहुल से पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। उसे शुक्रवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर न्यायालय में पेश किया। उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। मतलौडा थाना के अंतर्गत उरलाना चौकी प्रभारी रोबिन ने बताया कि अहर गांव के धर्मबीर ने वर्ष 2023 में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई कर्मवीर 10वीं पास है। गांव के बलवान व सोहन ने अपने साथी शेखपुरा गांव के राहुल के साथ मिलकर सितंबर 2021 में उससे व उसके भाई कर्मवीर से संपर्क किया। तीनों ने मिलकर कहा कि कर्मवीर को अमेरिका में अच्छी नौकरी लगवा देंगे। इसके लिए 20 लाख रुपये देने होंगे। राहुल ने गिरोह के सदस्यों अपनी पत्नी परमजीत, भाई बंटी, विकास चंद्रा हेल्दर व उसकी पत्नी दिपानविका निवासी अनीसमाली रणघाट पश्चिम बंगाल, चंचल राय निवासी स्वामी विवेकानंद नगर नागपुर महाराष्ट्र, अरिन्दम चौधरी निवासी गिलापोल अनिसमाली पश्चिम बंगाल व प्रदीप निवासी डालटन गंज पलामू झारखंड से मिलवाया।