उग्राखेड़ी मोड के पास गोरक्षा दल के सेवकों ने पीछा कर मांस से भरी एक पिकअप कार को पकड़ा। जिस पर फल एवं सब्जी का पोस्टर लगा हुआ था। इस दौरान भीड़ इकट्ठा हो गई और गोमांस होने के शक में पिकअप चालक को बुरी तरह पीट दिया। उसे अधमरा कर दिया। इस दौरान पिकअप में सवार दूसरा युवक जान बचाकर मौके से भाग गया। यह गाड़ी कैराना से पानीपत आई थी। चांदनीबाग थाना पुलिस ने घायल चालक को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जांच में भैंस का मांस निकला। घायल वाहन चालक को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
केसरी हिंदुस्तान निर्माण संघ के प्रदेश प्रभारी सुभाष आर्य ने बताया कि गोरक्षक टीम के कुछ युवक छाजपुर गश्त पर थे, उन्हें एक पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में पानीपत की तरफ जाती दिखी। उन्होंने गाड़ी का पीछा कर उग्राखेड़ी मोड पर पकड़ लिया। चेकिंग करने पर गाड़ी के अंदर लगभग चार क्विंटल मांस मिला। वाहन चालक ने बताया कि मांस को कैराना से पानीपत में हाली कॉलोनी, गोअसली कॉलोनी और किला थाना क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाए थे। इसी बीच मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और गाड़ी में गोमांस समझ कर चालक को पीट दिया और अधमरी हालत में छोड़कर भाग गए। वाहन चालक से तीन नाम भी मिले, जो मांस के बड़े व्यापारी हैं।