पानीपत। तहसील कैंप में तीन दिन पहले गली में बैठे कुत्ते के पिल्लों पर पिकअप का पहिया चढ़ाकर मौत के घाट उतारने वाले चालक को पशु प्रेमियों ने पुलिस के साथ मिलकर ढूंढ़ लिया। चालक ने सबके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि वह जिंदगी भर ड्राइविंग नहीं करेगा, न ही नशा करेगा और न ही इस प्रकार की दोबारा गलती करेगा। उसे इस बार माफ किया जाए। इस माफी के बाद उसे छोड़ दिया गया। गौरतलब है तहसील कैंप में तीन दिन पहले गली में कुत्ते के तीन पिल्ले बैठे थे। इसी बीच पिकअप चालक तेज रफ्तार में आया और उनके ऊपर पहिया चढ़ा दिया। इनमें दो पिल्लों की मौके पर मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसे कॉलोनी वासियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर पिकअप चालक को पकड़ने में मदद मांगी। वहीं मामले की सूचना पशु प्रेमी संस्था नई पहल वेलफेयर सोसाइटी को दी गई। संस्था के सदस्य कुणाल कूपर, गगन बजाज व अन्य सदस्य इकट्ठा होकर थाने पहुंचे और चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि यह अनजाने में नहीं जानबूझ की गई गलती है, जिसके बाद वह उसे ढूंढने में जुट गए। रविवार को उसे पुलिस की मदद से ढूंढ़ लिया गया, जिसने सभी के बीच में माफी मांगी।