पानीपत। सिटी ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को सनौली रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने रोड पर खड़ी 12 कारों को उठाया और थाने में भिजवाया। 35 कारों और बाइकों के चालान किए गए। कुछ बाइक मालिकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। इस दौरान कार व बाइक चालक एसएचओ से माफी भी मांगते रहे। पुलिस पिछले एक माह से शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इससे पहले स्काईलार्क रोड, असंध रोड व गोहाना रोड पर भी रोड पर खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
सिटी ट्रैफिक जोन के प्रभारी रोशनलाल ने बताया कि 12 कारों को रोड से उठाया गया है। अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पहले लोगों को हिदायतें दी जा चुकी है। दुकानदारों को भी हिदायत दी गई है। अवैध पार्किंग जाम का मुख्य कारण बन रही है। इसके खिलाफ सभी को जागरूक होकर पुलिस के साथ तालमेल बनाकर काम करना चाहिए।