पानीपत। गुजरे 24 घंटों के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में लूट एवं चेन स्नैचिंग की चार घटनाओं ने पुलिसिंग को चुनौती दे दी। शुक्रवार शाम से लेकर देर रात तक जहां डिलीवरी ब्वॉय और किराना दुकानदार से बाइक और नकदी लूट की घटनाओं ने लोगों को सहमा दिया, वहीं शनिवार देर रात भी ईको चालक से 15 हजार नकदी और एक युवती से आठ ग्राम सोने की चेन तोड़ ले जाने की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया। लूट की एक के बाद एक वारदात के बाद पुलिस कप्तान अजीत सिंह शेखावत ने शनिवार को देर रात तक शहर में भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया।
कच्चा कैंप निवासी शिवानी पुत्री राम सिंह शनिवार रात मॉडल टाउन एरिया के करतार शाह नगर में एक जागरण कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात करीब 9:30 बजे वह घर के बाहर खड़ी थी कि इसी बीच बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसके गले से आठ ग्राम सोने की चेन तोड़ ली।
दूसरी घटना में सौदा पुर गांव निवासी नरेश पुत्र बलवान ने बताया कि वह ईको गाड़ी चलाता है। शनिवार रात करीब 10 बजे पानीपत से घर लौटते समय मॉडल टाउन क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई सेंट्रो कार सवारों ने ओवरटेक कर गाड़ी उसके आगे लगा दी और तीन बदमाशों ने उतरकर उसे मारपीट कर एक चांदी की चेन और 15 हजार रुपये नकदी लूट लिया। दोनों मामलों में मॉडल टाउन पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने कहा कि बयान दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
इससे पूर्व शुक्रवार रात करीब 12 बजे जीटी रोड स्थित एलिवेटेड हाईवे पर संजय चौक के पास तीन बदमाशों ने लघुशंका करने रुके कुरियर कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय ढोडपुर निवासी रवि कुमार को मारपीट कर बाइक और नकदी लूट ली। घटना के बाद बदमाश समालखा की ओर फरार हो गए। पुलिस ने डिलीवरी ब्वाॅय को साथ लेकर करीब एक घंटा बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शहर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी जाकिर हुसैन ने कहा कि बाइक चालक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों की धरपकड़ में सीआईए के साथ थाने की पुलिस भी जुटी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। एक अन्य वारदात में बाबरपुर मंडी में किराना दुकानदार लाजपत राय और उनके नौकर पर कट्टा तानकर नकाबपोश तीन बदमाशों ने दो हजार रुपये नकदी लूट ली। बदमाश दुकान में सिगरेट खरीदने के बहाने घुसे थे।