संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मॉडल टाउन स्थित रेलवे कालोनी में रविवार सुबह 10 बजे पांच वर्षीय बच्चे को चाकलेट दिलाने का लालच देकर एक व्यक्ति ने अपहरण करने का प्रयास किया। पड़ोसी महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी बच्चे का हाथ छोड़कर भागने लगा। लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
रेलवे कालोनी निवासी जसबीर ने बताया कि वह मूल रूप से रोहतक के गांव रठाल का रहने वाला है। गत दस साल से पानीपत रेलवे में ट्राली मैन के रूप में काम करता है। उसके दो बच्चे बेटी ऋतिका (7) और बेटा आदित्य (5) हैं। आदित्य यूकेजी कक्षा में पढ़ता है। रविवार को सुबह दस बजे बेटा आदित्य मकान के पीछे गली में पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी बीच एक युवक आया, जिसने आदित्य को चाकलेट का लालच दिया और उसका हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाने लगा। शोर सुनकर वह बाहर निकला तो अपहरणकर्ता बेटे को मकान के मुख्य दरवाजे के पास छोड़कर भाग रहा था। उसे कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया गया।
लोगों ने आरोपी की तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड, मोबाइल फोन और एक डायरी मिली। डायरी पर कुछ मोबाइल नंबर लिखे थे। आधार कार्ड के अनुसार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के तुस्सीपुरा मुरेना स्थित नई बस्ती निवासी राजेश रजक के रूप में हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पुलिस के हवाले किया।
लोगों ने बताया कि कालोनी में करीब 200 परिवार रहते हैं, ज्यादातर परिवार में छोटे बच्चे हैं। फिलहाल कालोनी में सुरक्षा के कोई भी इंतजाम नहीं है। कोई भी कहीं से भी कालोनी में घुस आता है। लोगों ने मांग की कि कालोनी में सभी मुख्य प्रवेशद्वार पर लोहे के गेट लगाए जाएं और सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं। इसके अलावा कालोनी के हर चौक पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं।
बच्चों के आसपास घूमने पर हुआ शक : सुनीता
पड़ोसी महिला सुनीता ने बताया कि उसके पति सतीश रेलवे में टेक्नीशियन हैं। उनका एक बेटा लवप्रीत (5) है। वह सुबह दस बजे आदित्य के साथ घर के बाहर खेल रहा था और वह बाहर बाउंड्री पर खड़ी होकर सब्जी काट रही थी। इसी बीच उन्हें एक युवक दिखा, जो बच्चों के आसपास घूम रहा था। उन्हें शक हुआ तो युवक को देखती रहीं। कुछ मिनट बाद उसे आदित्य का हाथ पकड़कर ले जाते देखा तो उसने शोर मचाया। उसने अपने पति के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ा।
बच्चे की जुबानी
पांच वर्षीय आदित्य ने बताया कि अंकल आए और कहा कि बेटा चाकलेट खानी है। उसने कहा कि चलो दुकान से लेकर आते हैं, उसने मना भी किया, लेकिन अंकल ने जबरदस्ती हाथ पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने लगे। उसने विरोध किया, लेकिन वह चाकलेट का संख्या बढ़ाता रहा। इसी बीच आंटी ने आवाज लगा दी, इस पर अंकल ने उसे छोड़ दिया और भागने लगे।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को अदालत में में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। - सुनील कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी