संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। शनिवार को बारिश के बाद तापमान लगातार बढ़ने लगा है। रविवार को दिनभर तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल रहा। मौसम विशेषज्ञ ने इस सप्ताह तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
ज्येष्ठ का महीना शुरू होने से पहले ही गर्मी अपना रूप दिखाने लगी है। पिछले सप्ताह सोमवार को ओलावृष्टि और शुक्रवार व शनिवार को हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में कमी आई थी। गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी लेकिन रविवार को अचानक गर्मी से पूरा दिन लोग बेहाल नजर आए।
अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सुबह से ही तेज धूप निकलने से पूरा दिन उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। बढ़ती गर्मी से बच्चों व बुजुर्गों में संक्रामक रोग बढ़ने लगे हैं। बदलते मौसम में लोगों को बच्चों व बुजुर्गों की अतिरिक्त देखभाल करनी चाहिए।
चिकित्सकों का मानना है कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से बीमारी का अधिक खतरा रहता है। अधिक पसीना आने से सोडियम की कमी होने पर चक्कर आने की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए बच्चों को सुबह 11 से तीन बजे तक धूप से बचना चाहिए। मौसम विशेषज्ञ का अनुमान है कि ज्येष्ठ महीने में तापमान लगातार बढ़ेगा।
इस सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना है जिससे अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। बढ़ती गर्मी में लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए।