मतलौडा। मतलौडा के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में तीन दिन से चल रहे राष्ट्रीय पशु प्रदर्शनी का मंगलवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी में फतेहाबाद के पवन कुमार की भैंस ओवरऑल चैंपियन रही। छिछड़ाना गांव के सुनील का भैंसा चैंपियन रहा। दोनों विजेताओं को इनाम के स्वरूप मोटरसाइकिल दी गई ।
ड्राई ब्यूटी भैंस प्रतियोगिता में संदीप कुमार निवासी नरड़ गांव, कैथल की भैंस प्रथम रही। चांद निवासी कमासखेड़ा की भैंस द्वितीय और देवेंद्र निवासी घड़वाल की भैंस तृतीय स्थान स्थान पर रही। गाय मिल्क ब्यूटी में रोहित- राहुल निवासी कैमला गांव की भैंस प्रथम रही। रणधीर मतलौडा की गाय ड्राई ब्यूटी में प्रथम रही। मिल्क ब्यूटी मुर्राह श्रेणी में पवन पारता की भैंस प्रथम, सोनू उरलाना कलां की द्वितीय और विजय कुमार निवासी रिसालु गांव की भैंस तीसरे स्थान पर रही।
नीली रावी भैंस प्रतियोगिता में भगवान सिंह रसीदा जींद की भैंस प्रथम स्थान रही। साहिवाल गाय प्रतियोगिता में नरेंद्र सिंह दिल्ली की गाय प्रथम रही। हरियाणा नस्ल गाय में हुकमचंद निवासी मतलौडा की गाय प्रथम रही। एडलैट बुल प्रतियोगिता में नवदीप पिंडारा का भैंसा प्रथम,जसबीर जाखौली का भैंसा द्वितीय और रोहिणी बूरा का भैंसा तृतीय रहा। बैस्ट एनिमल में सुनील कुमार छिछड़ाना व पवन कुमार पारता का भैंसा प्रथम रहा। प्रथम विजेता को मोटरसाइकिल व द्वितीय विजेता को स्कूटी इनाम स्वरूप दी गई। पशुपालकों को यह इनाम मतलौडा के पूर्व सरपंच बलबीर सिंह व मौजूदा सरपंच जसमेर सिंह ने वितरित किए।