पानीपत। मौसम बदलने के साथ जिला नागरिक अस्पताल के साथ निजी अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला नागरिक अस्पताल में रविवार को छुट्टी होने से सोमवार को ओपीडी के लिए मरीजों की भीड़ लगी रही। यहां ओपीडी दो हजार के पास पहुंची।
बिजली की लो वोल्टेज के चलते एयर कंडीशन नहीं चल पाया। ऐसे में गर्मी के चलते मरीज हांफते नजर आए। छोटे बच्चों का गर्मी के चलते रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं बुजुर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार को सुबह आठ बजे ओपीडी शुरू हुई। इसके कुछ देर बाद ही बिजली की लो वोल्टेज होने के चलते एसी बंद हो गया। ऐसे में पंखे चलाए गए लेकिन मरीजों की भीड़ अधिक होने पर पंखे की हवा बेअसर रही। मरीजों का गर्मी में हाल बेहाल रहा। जिस कारण जहां छोटे बच्चे रोते रहे, वहीं बुजुर्ग अपने गमछे से हवा करते नजर आए। अस्पताल में बदलते मौसम के साथ मरीज भी बढ़ने लगे हैं।
डायरिया व वायरल बुखार के मरीज ज्यादा आने लगे हैं। सोमवार को ओपीडी दो हजार से ज्यादा रही। वहीं मनोचिकित्सक के छुट्टी जाने व चमड़ी रोग विशेषज्ञ के अस्पताल में न होने से मरीजों को अस्पताल के बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।