संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मौसमी बीमारियां बढ़ने से जिला नागरिक अस्पताल व निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला नागरिक अस्पताल में रविवार को छुट्टी के बाद सोमवार को पंजीकरण के लिए सुबह से दोपहर डेढ़ बजे तक मरीजों की लाइन लगी रही। पंजीकरण व दवा लेने के लिए मरीजों को मशक्कत करनी पड़ी। वहीं अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा हैं। जिससे मरीजों को चिकित्सक कक्ष ढूंढने में परेशानी हो रही है। फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों को बैठने के लिए पर्याप्त बैंच नहीं मिल रहे हैं जिससे मरीजों को फर्श पर बैठकर अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा।
जिला नागरिक अस्पताल में रविवार को छुट्टी होने से सोमवार को ओपीडी 2 हजार के करीब रही। मौसमी बीमारियां बढ़ने से फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की लाइन सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक लगी रहने लगी है। सोमवार को फिजिशियन की ओपीडी 250 के करीब रही। मरीजों को भीड़ होने से बैठने के लिए पर्याप्त बैंच न होने से मरीजों को अपने नंबर का इंतजार फर्श पर बैठकर करना पड़ा। बिंझौल निवासी रमेश ने बताया कि वह अस्पताल में बुखार की दवा लेने के लिए आए थे सुबह से भीड़ के कारण एक घंटा का समय दवा लेने में लगा।
मरम्मत का काम बढ़ा रहा परेशानी
जिला नागरिक अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है जिससे मरीजों का मर्ज बढ़ गया है। मरीजों को चिकित्सक कक्ष ढूंढने में परेशानी हो रही है। रंग-रोगन का काम चलने से अस्पताल में बैठने के लिए साफ-सुथरा स्थान नहीं मिलने से मरीजों को खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा। डाहर निवासी सुनीता ने बताया कि अस्पताल में मरम्मत का काम चलने से कई स्थानों पर फॉल सिलिंग की छत से बिजली के तारे नीचे लटक रहे हैं जिससे मरीजों को हादसे का डर लग रहता है।
अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है, यह दो-तीन दिन में पूरा हो जाएगा। अस्पताल में बैठने के लिए पर्याप्त बैंच की व्यवस्था है। मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ पानीपत