पानीपत। बढ़ती गर्मी को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल के कूलर की संख्या बढ़ाई जाएगी। स्टेशन पर फिलहाल केवल चार पानी के कूलर लगे हुए हैं। बढ़ती मांग के मुकाबले काफी कम हैं। ऐसे में यात्रियों को शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए चार वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव भेजा है।
स्टेशन पर रोजाना करीब 25 हजार यात्रियों का आना-जाना होता है। गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ जाती है लेकिन सीमित संख्या में पीने के पानी के कूलर होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लंबी लाइन लग जाती हैं जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है और ट्रेन छूटने का डर रहता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और गर्मी को ध्यान में रखते हुए उच्च अधिकारियों को पीने के पानी के कूलर के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद स्टेशन पर अतिरिक्त वाटर कूलर लगाए जाएंगे जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यात्री खुशी और जगदीप ने बताया कि गर्मी के मौसम में ठंडे पानी की सुविधा बहुत जरूरी होती है। कई बार पानी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है जिससे परेशानी होती है। अगर पीने के पानी के कूलर की संख्या बढ़ेगी तो यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसी दिशा में पेयजल कूलर की संख्या बढ़ाने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। रेलवे स्टेशन पर चार और कूलर लगने से यात्रियों को शीतल और स्वच्छ पानी मिलेगा।
-मुकेश बुरडे, वाणिज्य निरीक्षक।