पानीपत। ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पहले ही लोग ट्रेन में सीटों की बुकिंग करवा चुके हैं। ज्यादातर लोग छुट्टियों में हिल स्टेशन व गोवा की तरफ घूमने के लिए जाना पसंद करने लगे हैं। इसलिए गोवा की ट्रेन की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। अब लोगों को गोवा जाने के लिए जून माह यहां तक की जुलाई माह में कोई सीट बुकिंग के लिए नहीं मिल रही है। यदि कोई गोवा घूमने के लिए जाना चाहता है तो उसे दिल्ली जाकर ट्रेन के लिए बुकिंग करवानी होगी या दूसरे किसी वाहन से गोवा जाना पड़ेगा। क्योंकि अब पानीपत से जाने वाली गोवा संपर्क क्रांति की सीटों की बुकिंग हो चुकी है।
पानीपत से गोवा संपर्क क्रांति सप्ताह से केवल दो दिन सोमवार और शनिवार को सुबह 4:19 बजे जाती है। छुट्टियां शुरू होने से दो महीने पहले ही लोग गोवा घूमने के लिए सीटों की बुकिंग करवाने लगते हैं। इसलिए जून व जुलाई माह में कोई सीट बुक नहीं हो सकती है क्योंकि पहले ही ट्रेन में सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। लोगों गोवा घूमने में रूचि लेने लगे हैं। पहले की अपेक्षा अब ज्यादा यात्री घूमने के लिए जाने लगे हैं। पानीपत बापौली वासी सुरेंद्र व कमल ने बताया कि वे परिवार के साथ गोवा घूमने के लिए योजना बना रहे थे लेकिन स्टेशन पर जाकर सीट बुकिंग के लिए पता किया तो पता चला कि जून-जुलाई माह में तत्काल के लिए कोई सीट उपलब्ध नहीं है। वेटिंग के लिए भी सीट नहीं है। अब उन्हें दिल्ली से जाकर गोवा के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ेगी।
स्टेशन मास्टर रमेश कुमार ने बताया कि लोग हिल स्टेशनों पर घूमने के लिए दो-तीन महीना पहले ही सीटों की बुकिंग करवाने लगते हैं। यात्रियों की गोवा घूमने के लिए मांग बढ़ने लगी है। पानीपत स्टेशन पर सप्ताह में दो दिन ही सुबह के समय एक ट्रेन जाती है। जिसकी जून व जुलाई माह के लिए सीटें बुक हो चुकी हैं।