पानीपत। दीवाना रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक युवक चलती ट्रेन की चपेट में आने से युवक घायल हो गया। जीआरपी ने तुरंत युवक को प्राथमिक अपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका इलाज किया गया।
हिसार के धनखड़ी गांव निवासी उपेंद्र सोमवार को दिल्ली से कुरुक्षेत्र पैसेंजर ट्रेन में बादली से पानीपत अपने दोस्त से मिलने के लिए आ रहा था। वह दीवाना रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के लिए उतरा था। वह पानी पीकर वापस ट्रेन की तरफ आने लगा तो इतने में ही ट्रेन चलने लगी। युवक भागकर ट्रेन पकड़ने लगा और हाथ फिसलने के कारण ट्रेन से नीचे गिरने लगा। इसी समय ट्रेन में सवार यात्रियों ने उसको हाथ पकड़कर ऊपर उठा लिया। उसकी कमर और हाथों में चोट आई है। यात्री पानीपत रेलवे स्टेशन पर घायल को जीआरपी थाना में ले गए। जीआरपी के प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि यात्री की कमर और हाथों में कुछ चोटें आई हैं। वह दीवाना स्टेशन पर पानी पीकर वापस ट्रेन में सवार होते समय घायल हुआ है। यात्रियों को इस तरह की गलती नहीं करनी चाहिए।